डोंगरगढ़ मंदिर में बड़ा हादसा

0 पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा समेत कई नेता घायल

राजनांदगांव। राजनांदगांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में राज्य के पूर्व गृहमंत्री बाल-बाल बचे हैं। हालांकि उन्हें चोट लगी है। डोंगरगढ़ में रोपवे टूटने से भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए। रामसेवक पैकरा रोपवे में बैठकर बम्लेश्वरी देवी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर लगभग 2 बजे पहाड़ी स्थित बम्लेश्वरी देवी मंदिर से उतरते समय ‘रोपवे’ का इस्तेमाल करने के बाद हुई। ट्राली के गिरते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में भाजपा के नेता और पूर्व मंत्री रामसेवक पैंकरा, बीजेपी प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, भाजपा नेता दया सिंह और दो अन्य लोग सवार थे जो ट्राली के गिरने से घायल हो गए हैं। घायलों में भरत वर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है, उनके हाथ में चोट आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि अन्य नेताओं को हल्की फुल्की चोट आई है।
0 सीएम ने भी ली जानकारी
सीएम विष्णुदेव साय ने भी हादसे की जानकारी ली है। सीएम साय ने एक्स पर लिखा- डोंगरगढ़ में रोपवे हादसे का समाचार मिला है। रोपवे में वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा समेत अनेक लोग सवार थे। हादसे में भरत वर्मा आंशिक रूप से घायल हुए हैं। शेष सभी कुशल हैं। भरत वर्मा जी के भी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *