पटना। बिहार में जेडीयू नेता की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। खगड़िया जिले के बेलदौर से जदयू विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के भांजे कौशल सिंह (50 वर्ष ) की बुधवार की शाम बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चौथम थाना क्षेत्र के पूर्वी टोला कैथी और जयप्रभा नगर के बीच स्थित गोदाम के निकट की बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत मेदनी नगर निवासी 50 वर्षीय कौशल सिंह के रूप में हुई है। मृतक कौशल सिंह फिलहाल जदयू में जिला महासचिव पद पर थे।
पारिवारिक विवाद में जदयू नेता की हत्या की बातें सामने आ रही है। घटना के बाद एसपी नेक्टर हॉस्पिटल पहुंचकर घटना की जांच की। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि कौशल सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से कैथी की ओर से गोदाम गया हुआ था। उसका गोदाम पूर्वी टोला कैथी और जय प्रभानगर के बीच एनएच 107 से सटे है। मृतक की पत्नी के मुताबिक उसी वक्त कौशल सिंह का भतीजा आकर गोली मार दी। गोली कौशल सिंह की कनपटी में लगी। इसके बाद गोली चलाने वाला फरार हो गया। घटना के बाद घायलवस्था में कौशल सिंह को शहर के नेक्टर हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एसपी खुद नेक्टर हॉस्पिटल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
बदमाशों ने पहले रोका फिर मारी गोली
एनएच-107 पूर्वी टोला कैथी व जयप्रभानगर के बीच जैसे ही गोदाम के निकट पहुंचा तो इसी बीच पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर पहले दो गोली मारी। इसी बीच वह बाइक से गिर गया। फिर बदमाशों ने दोबारा दो फायरिंग की और तीनों बाइक सवार बदमाश गोली मारने के बाद सीधे बाइक से सोनवर्षा की ओर भाग गए। इधर घटना की सूचना मिलने के कुछ देर के बाद पुलिस पहुंची और उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए खगड़िया स्थित एक निजी अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

