भूकंप के तेज झटकों से सहमा म्यांमार, अब तक 700 लोगों की मौत; हर तरफ बिखरी लाशें

नई दिल्ली। म्यांमार में शुक्रवार को 7.7 की तीव्रता वाला शक्तिशाली भूकंप आया। इसने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के तेज झटकों में कई इमारतें गिर गईं। इसके कारण अब तक करीब 700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 694 की पुष्टि हो चुकी है। भूकंप के कारण थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी इमारतों के मिट्टी में मिलने की घटना देखी गई। एक निर्माणाधीन 30 मंजिला इमारत गिर गई। इसमें भी कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है।

अमेरिकी भौगोलिक सर्वेक्षण (USGS) ने कहा कि यह भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर था और इसके बाद 6.4 तीव्रता का एक शक्तिशाली आफ्टरशॉक भी महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र मांडले शहर से लगभग 17.2 किलोमीटर दूर था। भूकंप के बाद म्यांमार और थाईलैंड ने आपातकाल घोषित कर दिया है। चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, म्यांमार से सटे दक्षिण पश्चिमी युन्नान प्रांत में भी मजबूत झटके महसूस किए गए। हालांकि वहां से किसी जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं आई।

भारत के पश्चिम बंगाल और मणिपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। बांगलादेश में भी 7.3 तीव्रता के भूकंप के बाद हल्के झटके महसूस हुए। यह भूकंप और उसके बाद के आफ्टरशॉक्स ने पूरे क्षेत्र में घबराहट का माहौल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *