जान बचाकर भाग रही महिला पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक जंगली हाथी के बस्ती में घुस आने से दहशत फैल गई। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे हाथी तालगांव बस्ती में घुस आया और उत्पात मचाने लगा। हाथी को देखकर ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ भाग रही शकुंतला बाई पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने विभाग के वाहन पर भी हमला करने की कोशिश की। वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काफी मशक्कत के बाद वन अमले ने हाथी को बस्ती से बाहर खदेड़ा। घटना के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई है। वहीं मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *