रायपुर, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पंजीयन सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में राज्य शासन ने ‘धरोहर’ पोर्टल विकसित किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में तैयार इस पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी पंजीयन सेवाएं उपलब्ध कराना है।
पायलट परीक्षण के दौरान नई प्रणाली की कार्यप्रणाली जांची जाएगी। तकनीकी चुनौतियों की पहचान कर उपयोगकर्ताओं के सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। फिलहाल यह व्यवस्था केवल उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में लागू है। रायपुर जिले के अन्य कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष कार्यालयों में एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीयन कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा। परीक्षण पूरा होने के बाद नई व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
पोर्टल पर अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों की आईडी अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रायपुर जिले में 33 अधिवक्ताओं और दो दस्तावेज लेखकों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। आईडी के माध्यम से वे पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध है।
‘धरोहर’ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डीड ड्राफ्टिंग, दस्तावेजों के सुझाव और मॉडल डीड डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी। आधार ई-केवाईसी आधारित सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर से पहचान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित होगी।
पोर्टल में संपत्ति का स्वचालित मूल्यांकन और स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क की गणना भी होगी। नागरिक यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा एनईएफटी-आरटीजीएस से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। इससे पंजीयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों के समय एवं श्रम की बचत होगी।

