कनाडा के टोरंटो शहर में यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) परिसर के पास गोलीबारी में 20 साल के एक भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की मौत हो गई। यह घटना टोरंटो में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दूसरी गंभीर हिंसक वारदात के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। इससे पहले हाल ही में 30 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में टोरंटो निवासी अब्दुल गफूरी की तलाश कर रही है। उनकी मौत पर टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शिवांक भारत से जाकर वहां पीएचडी कर रहे थे। भारतीय दूतावास ने एक्स पर बयान जारी कर इस घटना पर शोक जताया है। दूतावास ने कहा, “यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो परिसर के पास हुई गोलीबारी की घटना में युवा भारतीय डॉक्टोरल छात्र श्री शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु से हमें गहरा आघात पहुंचा है। इस कठिन समय में वाणिज्य दूतावास शोकाकुल परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।” पुलिस के अनुसार, शिवांक अवस्थी को मंगलवार को हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके में गोली मारी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में पाया और घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि हमलावर पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए थे। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से विश्वविद्यालय परिसर को कुछ समय के लिए लॉकडाउन किया गया। यह हत्या इस वर्ष टोरंटो में दर्ज की गई 41वीं हत्या है।
टोरंटो में भारतीय छात्र की हत्या

