बीजापुर। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत इटपाल के आश्रित ग्राम कोतापाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम में संग्रहित 18 हजार बोरियों में रखे तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया, करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस प्रशासन तथा अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तेज हवाओं के चलते काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक हजारों तेंदू पत्ता की बोरिया जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि गोदाम में संग्रहित तेंदूपत्ता की बड़ी खेप आग की चपेट में आ गई, जिससे भारी आर्थिक क्षति हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
तेंदूपत्ता गोदाम में लगी भीषण आग

