भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे दिविक साहू, गिर्रा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

पलारी विकासखंड के ग्राम गिर्रा के युवा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, देशसेवा के लिए युवाओं के बने प्रेरणास्रोत

पलारी। कसडोल विधानसभा क्षेत्र के पलारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिर्रा के होनहार युवा दिविक साहू ने भारतीय नौसेना में अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर गांव लौटकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे ग्राम गिर्रा और आसपास के क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

दिविक साहू, चुन्नीलाल साहू एवं सुमेधा साहू के सुपुत्र हैं। भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण पूर्ण कर गांव पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्राम गिर्रा पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया गया और इस गौरवशाली उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

दिविक की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने अपनी उपलब्धि से माता-पिता और परिवार का गौरव बढ़ाने के साथ ही ग्राम गिर्रा, पलारी विकासखंड और पूरे कसडोल विधानसभा क्षेत्र को सम्मान दिलाया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी, जो देश की रक्षा और सेवा में अपना योगदान देने का सपना देखते हैं।

इस अवसर पर दिविक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि वे भारतीय नौसेना में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश की सेवा करेंगे तथा अपने कार्यों से भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *