ममता बनर्जी को मिला फुटबॉल खिलाड़ी का सिंबल

नई दिल्ली,18 सितंबर। तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों को चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट का नाम ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ होगा। वहीं, उन्हें चुनाव चिह्न के तौर पर फुटबॉल खिलाड़ी मिला है। अरूप रॉय के नेतृत्व वाले टीएमसी के बागी गुट का नाम डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस दिया गया है। इस गुट को लिफाफा चुनाव चिह्न मिला है। इससे पहले चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों को झटका देते हुए टीएमसी के सिंबल को फ्रिज कर दिया था। इसके बाद अब आगामी उपचुनावों में दोनों ही गुट अपनी-अपनी पार्टी के नए नाम और निशान पर चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग के पास तीन विकल्प जमा करने के बाद अब आयोग ने दोनों गुट को नए सिंबल का इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी है। इससे पहले आयोग ने गुरुवार को ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस और विधायक ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई में बागी हुए गुट को आगामी उपचुनावों में टीएमसी के नाम और सिंबल का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी।
चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी और अरूप रॉय के नेतृत्व वाले दोनों गुटों के नेताओं का पक्ष सुनने के बाद गुरुवार रात जारी अपने अंतरिम आदेश में कहा कि इस मामले में ‘चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश 1968’ के प्रावधानों के तहत आयोग की ओर से ठोस फैसला लिए जाने की आवश्यकता है। आयोग ने कहा कि फैसला होने तक कोई भी गुट तृणमूल कांग्रेस के नाम या पार्टी को आरक्षित ‘जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं कर सकता।
आयोग के इस फैसले को ममता के लिए झटके के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले हाथ से बनाया गया ‘जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न 1998 में पार्टी की स्थापना के बाद से उसकी पहचान रहा है। मई में विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के दो तिहाई से अधिक विधायक बागी हो गए। बाद में बगावत संसद तक पहुंच गई थी। जून में 58 बागी विधायकों ने ममता खेमे के उम्मीदवार सोवनदेब चट्टोपाध्याय के बजाय पार्टी से निकाले गए नेता ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता चुना और विधानसभा अध्यक्ष से मान्यता भी हासिल कर ली। पांच दिन बाद टीएमसी की वरिष्ठ नेता रहीं काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में 20 लोकसभा सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) नाम की एक गुमनाम पार्टी का दामन थाम लिया और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA को समर्थन देने का ऐलान कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *