बीएसपी टाउनशिप में 3,946 आवासधारियों को बड़ी राहत, किराए में 75% तक कटौती

मुख्यमंत्री साय की पहल पर रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों का किराया 6 रुपए प्रति वर्गफीट तय, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगी आर्थिक राहत

रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को आवास किराए में बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। रिटेंशन श्रेणी में किराए की दर 75 प्रतिशत कम हुई है, जबकि थर्ड पार्टी आवासधारियों को 25 प्रतिशत राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आवास किराए में वृद्धि से प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य आवासधारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने पर जोर दिया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई चर्चा में किराया दरों के संशोधन पर सहमति बनी। बीएसपी नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया।

नई व्यवस्था के तहत रिटेंशन श्रेणी का किराया 24 रुपए से घटाकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट कर दिया गया है। वहीं थर्ड पार्टी आवासों का किराया 8 रुपए से कम होकर 6 रुपए प्रति वर्गफीट हो गया है। इससे दोनों श्रेणियों के संबंधित आवासों के लिए समान किराया दर निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बीएसपी में वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए अनेक कर्मचारी सीमित पेंशन या अन्य आय पर निर्भर हैं। किराए में कटौती से उनके मासिक खर्च में कमी आएगी और परिवार की जरूरतों के लिए अधिक राशि उपलब्ध होगी। नई व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम राहत के रूप में प्रभावी रहेगी। पूर्व अवधि के किराए की पुनर्गणना का भी प्रावधान किया गया है।

 500 वर्गफीट आवास पर 9 हजार रुपए की मासिक बचत

रिटेंशन श्रेणी के 500 वर्गफीट आवास का किराया पहले 12 हजार रुपए प्रतिमाह था। नई दर लागू होने पर यह 3 हजार रुपए रह जाएगा। इससे आवासधारी को हर महीने 9 हजार रुपए और सालभर में 1 लाख 8 हजार रुपए की बचत होगी।

 3,946 आवासधारियों को मिलेगा लाभ

संशोधित किराया व्यवस्था से रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवासधारियों को राहत मिलने का अनुमान है। नई दर पूर्व प्रभाव से लागू होगी और पहले जमा किराए की अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों से तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *