सौरभ चंद्राकर आया, रवि उप्पल और शुभम सोनी कब पकड़े जाएंगे : दीपक बैज

Deepak Baij

रायपुर,। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकार वार्ता में महादेव सट्टा एप मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है, लेकिन उसके साथी रवि उप्पल और शुभम सोनी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्हें कब भारत लाया जाएगा?

बैज ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान शुभम सोनी ने वीडियो जारी कर खुद को महादेव सट्टा एप का मालिक और सौरभ चंद्राकर व रवि उप्पल को अपना कर्मचारी बताया था। भाजपा ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर यह वीडियो जारी किया और इसी दावे के आधार पर कांग्रेस सरकार तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री को बदनाम कर राजनीतिक लाभ लिया। अब भाजपा बताए कि शुभम सोनी को कब पकड़ा जाएगा?

उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने में कांग्रेस की भूपेश सरकार के ठोस प्रयासों की भूमिका रही। कांग्रेस सरकार ने महादेव एप के खिलाफ पहली एफआईआर से लेकर 72 एफआईआर दर्ज कीं। पांच सौ से अधिक जब्ती और गिरफ्तारियां की गईं। एप को गूगल प्ले से हटाने का अनुरोध और सौरभ चंद्राकर तथा रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराने की कार्रवाई भी कांग्रेस सरकार के समय हुई थी। गेमिंग एप के खिलाफ सख्त कानून भी उसी सरकार ने बनाया था।

बैज ने सवाल किया कि प्रदेश में तीन साल से भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद महादेव एप बंद क्यों नहीं हुआ? आज भी सोशल मीडिया पर इसके विज्ञापन कैसे चल रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव सिंडिकेट के साथ रेड्डी अन्ना, फेयरप्ले, लोटस 365 सहित कई ऑनलाइन सट्टा पैनल खुलेआम सक्रिय हैं। सरकार बताए कि इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

बैज ने दिसंबर 2025 में सामने आए हीरेन जोशी, हितेश जैन और नवनीत सहगल से जुड़े आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों पर महादेव एप को संरक्षण देने के आरोप लगे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा आर्थिक सेल के पूर्व संयोजक विकास गर्ग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने पूछा कि महादेव एप के पूरे नेटवर्क को किसका संरक्षण मिल रहा है? क्या 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स कमाई और सत्ता में बैठे लोगों का संरक्षण इसकी वजह है? कांग्रेस इस मामले में जवाबदेही और कार्रवाई की मांग करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *