दो वाहनों के बीच फंसा बाइक सवार, मौके पर तोड़ा दम

तिल्दा-नेवरा। नगर के वार्ड क्रमांक 14 की एक गली में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे हाईवा और ईको कार के बीच हुई दुर्घटना में बाइक सवार युवक वीरेंद्र वर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिल्दा-नेवरा निवासी वीरेंद्र वर्मा अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल से वार्ड क्रमांक 14 की गली से गुजर रहा था। इसी दौरान रेत से भरा हाईवा क्रमांक CG04 LN 4404 गली में रेत खाली करने के लिए मुड़ रहा था। हाईवा के बाजू से बाइक सवार निकल रहा था, तभी सामने की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार क्रमांक CG04 NC 4310 ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक सवार उछलकर हाईवा से जा चिपका। इसी दौरान हाईवा भी आगे बढ़ गया और युवक दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गया। इस दर्दनाक हादसे में वीरेंद्र वर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के रहवासी और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *