बंगाल में शुभेंदु युग का शुभारंभ

कोलकाता। शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। इसके अलावा पांच अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। शुभेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।
भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने वाले बीजेपी के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी बंगाल में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली है जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुड्डू और नीशीथ प्रमाणिक का नाम शामिल है। उनके शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। इसके अलावा शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री पहुंचे थे।
्जानकारों का कयास है कि बंगाल में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। पहले उपमुख्यमंत्री दिलीप घोष और दूसरी अग्निमित्रा पॉल हो सकती हैं। बाकी कैबिनेट का विस्तार बाद में किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत शुभेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। भाजपा के झंडे और भगवा बैनर लिए समर्थक सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर एकत्र हुए और फिर ”जय श्री राम” के नारे लगा रहे थे। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ दो तिहाई से भी अधिक बहुमत हासिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *