मौत से पहले भेजा आखिरी वीडियो, प्रेम संबंध में उलझे युवक ने फांसी लगाई, मोबाइल चैट से खुल रहे कई राज

कोरबा। जिले के CSEB चौकी क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 27 वर्षीय मनीष चंद्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले उसने एक वीडियो बनाकर कथित गर्लफ्रेंड को भेजा था, जिसके बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।

जानकारी के अनुसार, मनीष एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। घटना के दिन जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा। अंदर मनीष फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर CSEB चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

परिजनों के मुताबिक, मनीष का मोबाइल लॉक था। बाद में एक युवती से पासवर्ड लेकर फोन खोला गया, जिसमें मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो और दोनों के बीच की चैटिंग मिली। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले वही वीडियो युवती को भेजा था।

मृतक के परिवार ने राताखार क्षेत्र की रहने वाली युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि युवती लगातार मनीष पर मानसिक दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान रहने लगा था। परिजनों का दावा है कि मनीष युवती की जरूरतें पूरी करने के लिए ऑनलाइन सामान तक खरीदकर देता था और कई बार देर रात तक उससे बातचीत करता रहता था।

भाई के अनुसार, परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह युवती से दूरी नहीं बना पा रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मोबाइल चैट, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *