रायपुर। राजधानी के पंडरी स्थित काली नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। क्षेत्र के उपभोक्ता शंकर नगर बिजली कार्यालय की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की लापरवाही से भारी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कल से लगातार बिजली बंद–चालू की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बुधवार रात से बिजली पूरी तरह बंद रही और समाचार लिखे जाने तक दोपहर लगभग 2 बजे तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी थी। 42 डिग्री तापमान के बीच घंटों बिजली गुल रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी और बढ़ गई।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायत के लिए बिजली कार्यालय के दूरभाष नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जाती है, लेकिन फोन हमेशा व्यस्त बताता है। लोगों का कहना है कि कार्यालय में मौजूद कर्मचारी जानबूझकर फोन का रिसीवर अलग रख देते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज ही नहीं हो पातीं।
काली नगर के नागरिकों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि दूरभाष व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति जल्द सुचारु कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए।

