अमेरिकी साउथ कमांड के निर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर ने पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कुख्यात नार्को-आतंकी संगठन लॉस चोनेरोस के लिए काम कर रहे एक तैरते आपूर्ति स्टेशन जहाज को रोक लिया। जांच और चालक दल को हिरासत में लेने के बाद जहाज को समुद्र में डुबो दिया गया। यूएस साउथकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में घटना की जानकारी साझा की।
कमांड ने पोस्ट में बताया कि 7 सितंबर को यूएस साउदर्न कमांड के निर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (जेटीएफ-डब्ल्यूएचईएम) की टीम ने पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र के रास्ते होने वाली अवैध ड्रग तस्करी गतिविधियों का समर्थन कर रहे एक तैरते हुए आपूर्ति स्टेशन जहाज को सफलतापूर्वक रोक लिया।
बयान के अनुसार, खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई थी कि यह जहाज हिंसक नार्को-आतंकी संगठन लॉस चोनेरोस के लिए काम कर रहा था। जहाज पर मौजूद लोगों को हिरासत में लेने के बाद उन्हें इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंपा जाएगा। जहाज की पूरी जांच करने और चालक दल को सुरक्षित उतारने के बाद अमेरिकी बलों ने उस जहाज को समुद्र में डुबो दिया। जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर ने कहा कि वह पश्चिमी गोलार्ध में ड्रग तस्करी को बढ़ावा देने वाले लॉजिस्टिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए सटीक और पेशेवर तरीके से अपने अभियान जारी रखे हुए है।

