हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: फिल्म ने 150 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की, बढ़ सकता है आंकड़ा

आध्यात्मिक गुरु नीब करौरी बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
फिल्म की कहानी एक दुखी युवा लक्ष्मीनारायण के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां के निधन के बाद ईश्वर की खोज में एक आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। जीवन, मृत्यु और मानवीय कष्टों के उत्तर खोजते हुए लक्ष्मीनारायण पूरे उत्तर भारत की यात्रा करते हैं और अंततः पूजनीय संत नीब करौरी बाबा बन जाते हैं। उनकी प्रेम, सेवा और करुणा की शिक्षाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया।

फिल्म में मुख्य किरदार अदा करने वाले शोभिनव सत्या के साथ विहान शेडगे, चंदन के. आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडेय और भगवानदास सहित कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 156.63 करोड़ रुपये की कुल कमाई कर ली है। ‘हनुमान अंश’ सात अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई काफी धीमी रही और पहले दो हफ्तों में इसने बेहद मामूली कारोबार किया, लेकिन दर्शकों के बीच सकारात्मक चर्चा बढ़ने के बाद इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *