विष्णु भैया का संबल, खुशहाल हुआ हर आंगन
रायपुर । मजबूत इरादे, मेहनत और सरकारी सहयोग से धमतरी जिले के ग्राम लोहरसी की कुसुम शर्मा ने विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदलते हुए ईंट व्यवसाय में सफलता हासिल की है। पति के असमय निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ और आजीविका का संकट उनके सामने था। पति के ईंट व्यवसाय का अनुभव नहीं था और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त पूंजी भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसे कठिन समय में महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना कुसुम के लिए संबल बनकर आई।
ऋण और प्रशिक्षण से मिली नई राह
सक्षम योजना की जानकारी मिलने के बाद कुसुम ने आत्मनिर्भर बनने का निर्णय लिया। योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें 2 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। आर्थिक सहायता मिलने के साथ उन्होंने ईंट व्यवसाय से जुड़ी बारीकियों को समझने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।
शुरुआती दौर में आर्थिक संसाधनों का प्रबंधन और व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियां आसान नहीं थीं, लेकिन कुसुम ने अपने मजबूत इरादों और मेहनत से मुश्किलों का सामना किया। धीरे-धीरे उन्होंने व्यवसाय को व्यवस्थित किया और आज अपने ईंट कारोबार को सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है और उनमें आत्मनिर्भरता का विश्वास बढ़ा है।
विष्णु भैया के सहयोग को बताया नई ताकत
अपनी सफलता और नई शुरुआत से उत्साहित कुसुम शर्मा रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ‘भैया’ कहकर आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि राज्य शासन की योजनाएं उनके जैसी एकल महिलाओं के लिए उम्मीद और आत्मविश्वास का आधार बन रही हैं। सक्षम योजना के माध्यम से मिली आर्थिक मदद ने उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने की ताकत दी है।
कुसुम की कहानी इस बात की मिसाल है कि सही समय पर प्रोत्साहन, कौशल प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग मिलने पर महिलाएं कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बनती हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और समाज के सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

