दो दिवसीय रोजगार मेले में 5 हजार से अधिक युवाओं का अंतिम चयन, मुख्यमंत्री के करकमलों से लगभग 1,100 युवाओं को नियुक्ति आफर लेटर वितरित
रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के रोजगार विभाग द्वारा 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में युवाओं ने इस आयोजन में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। दो दिनों के दौरान 13 हजार से अधिक युवाओं ने रोजगार मेले में सहभागिता की तथा 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से लगभग 1,100 चयनित युवाओं को आफर लेटर किए गए।
रोजगार मेले में प्रदेश के सभी जिलों से युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी रही। दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं में भाग लिया। बड़ी संख्या में युवाओं का चयन होने से आयोजन स्थल पर उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा।
95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों के साथ अन्य कंपनियों ने भी रोजगार मेले में सहभागिता की। आयोजन स्थल पर लगभग 50 स्टॉल स्थापित किए गए, जहाँ विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों की कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संचालित की गई। रोजगार मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक एवं अन्य शैक्षणिक तथा व्यावसायिक योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले की विशेषता यह रही कि अभ्यर्थियों के पंजीयन, आवेदन, उपस्थिति एवं चयन संबंधी प्रक्रियाओं को ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया गया। इससे रोजगार के अवसरों को युवाओं तक पहुँचाने तथा चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में रोजगार विभाग के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), तकनीकी शिक्षा विभाग, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों तथा छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की सक्रिय सहभागिता रही। विभिन्न जिलों के रोजगार अधिकारियों, आईटीआई प्राचार्यों, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के प्राचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं ने भी बड़ी संख्या में रोजगार मेले में भाग लिया।
आयोजन के दौरान विभिन्न संस्थाओं के साथ सहयोग एवं समझौता ज्ञापन संबंधी गतिविधियों तथा तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जुड़ी पहलों को भी स्थान दिया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना तथा भविष्य में रोजगार के नए अवसर विकसित करना है।
यह रोजगार मेला केवल नियुक्तियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं, उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच सीधे संवाद और समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच भी बना। आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी उद्योगों की अपेक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला।
राज्य स्तरीय रोजगार मेले की सफलता ने प्रदेश के युवाओं में रोजगार के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। चयनित युवाओं के चेहरों पर खुशी और बेहतर भविष्य की उम्मीद स्पष्ट दिखाई दी। विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने इस प्रकार के बड़े आयोजनों को रोजगार प्राप्त करने का उपयोगी अवसर बताया।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी समय में भी राज्य स्तरीय एवं अन्य रोजगार मेलों का समय-समय पर आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

