मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव के बीच ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में एक और जहाज हमले का शिकार हुआ है। कुवैत के झंडे वाले इस तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला किया गया। हालांकि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास की तत्परता से जहाज पर सवार सभी पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। ओमान स्थित भारतीय मिशन ने इसकी जानकारी दी है। दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाकर बचाव अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। जहाज पर मौजूद सभी 5 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित तट पर ले जाया गया है। भारतीय दूतावास ने इस त्वरित सहायता और सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त किया है। भारतीय मिशन ने घटना के पीछे के कारणों और हमले की परिस्थितियों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ने वाला ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज कच्चे तेल के परिवहन के लिए दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण और संकरा समुद्री मार्ग माना जाता है। इस क्षेत्र में सुरक्षा संकट गहराने से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टैंकर पर मिसाइल हमला, सुरक्षित बचाए गए 5 भारतीय नाविक

