जोन 10 के अंतर्गत दो वार्डों में 2 करोड़ से अधिक की लागत से विकास कार्य प्रारंभ
रायपुर/
रायपुर नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 अंतर्गत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 की पुष्पांजलि कॉलोनी, अमलीडीह में 15वें वित्त आयोग मद से लगभग 48 लाख रुपये की लागत से नवीन सीसी रोड निर्माण एवं विकास कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुदाल चलाकर और श्रीफल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
इसी क्रम में जोन 10 के अंतर्गत कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक 54 के शाश्वत नगर, दुर्गा विहार डुंडा एवं अक्षत विहार क्षेत्रों में 15वें वित्त आयोग एवं अधोसंरचना मद से 1 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से नवीन सीसी रोड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, रायपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष नन्द कुमार साहू, नगर निगम लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, संबंधित वार्डों के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने जोन 10 के दो वार्डों में 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने पर नगर निगम नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही नागरिकों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर निगरानी रखने की अपील की, ताकि कार्य टिकाऊ एवं सुन्दर बने।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों को स्वीकृत कराने में विधायक के निरंतर प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने वार्डवासियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा सभी विकास प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन कर ही स्वीकृति दी जाती है, ताकि शहर को व्यवस्थित और दीर्घकालिक लाभ देने वाला विकास सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में निरंतर बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से निर्माण अवधि के दौरान सड़क पर आवागमन, वाहन संचालन एवं अन्य गतिविधियों से परहेज करने तथा गुणवत्ता पूर्ण निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

