दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है। राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को भी गैरकानूनी बताया और आरोप लगाया कि ईवीएम के जरिए वोटों की चोरी की गई। उन्होंने हरियाणा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में भी वोट चोरी होने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जेल भेजा जाएगा।
रामलीला मैदान में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने रैली में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी या नेता की आवाज नहीं है, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। उन्होंने कहा, “लाखों लोग यहां चलकर आए, एक साथ चलकर आए। दिल से आपका धन्यवाद करता हूं। आपने देश को एक मैसेज भेजना था, नरेंद्र मोदी को, अमित शाह को, ज्ञानेश कुमार को मैसेज भेजना था, आपने मैसेज भेजा है। ये किसी एक राजनीतिक पार्टी की आवाज नहीं है। ये सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। ये हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है, हिंदुस्तान के किसानों की आवाज है, मजदूरों की आवाज है और ये आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे।”राहुल गांधी ने आगे कहा कि कई सालों से वोट चोरी हो रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी बंगाल का उदाहरण दिया है। राहुल ने आरोप लगाया कि ईवीएम और मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर वोटों की चोरी की गई है।
राहुल गांधी बोले- लोकतंत्र की आवाज को दबने नहीं देंगे

