छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी की शुभकामनाएं, कहा- नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की राह पर बढ़ रहा राज्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। साथ ही, उन्होंने कामना की कि यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रख्यात है। राज्य की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशेष पहचान रही हैं। यहां की लोक-संस्कृति से परिपूर्ण परिवेश में एक अद्भुत अपनापन है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।”

उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि मेरे प्रतिभाशाली और परिश्रमी परिवारजनों की भागीदारी से यह प्रदेश राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा। यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो, यही कामना है।”

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोस्ट किया, “प्रकृति की समृद्धि, जनजातीय विरासत और विविध लोक संस्कृति से समृद्ध छत्तीसगढ़ की अपनी विशिष्ट पहचान है। यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली लोगों ने राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “कामना है कि छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि व जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करे और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।”

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “अतुल्य प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध लोक-संस्कृति और अपार संभावनाओं की धरती छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, अनूठी कला और गौरवशाली विरासत देश की अमूल्य धरोहर हैं। मां दंतेश्वरी से प्रार्थना है कि यह प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।”

वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की यात्रा करोड़ों प्रदेशवासियों के सपनों, संघर्षों और संकल्पों की गौरवशाली गाथा है। आज हमारा प्रदेश शांति, सुशासन और विकास के नए अध्याय लिख रहा है। छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से हमारा प्रदेश समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकसित भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहे। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *