नई दिल्ली। केंद्र सरकार के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने गुरुवार को 11 साल पूरे कर लिए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत की बेटियां हर क्षेत्र में नित-नए रिकॉर्ड बना रही हैं और देश को गौरवान्वित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “कन्या को लक्ष्मी मानने वाले हमारे देश में 11 साल पहले आज ही के दिन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत हुई थी। यह बड़े गर्व की बात है कि आज भारत की बेटियां हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बना रही हैं।” पीएम मोदी ने इस मौके पर एक सुभाषित भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “दशपुत्रसमा कन्या दशपुत्रान् प्रवर्धयन्। यत् फलम् लभते मर्त्यस्तल्लभ्यं कन्ययैकया॥”
गौरतलब है कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत 22 जनवरी 2015 को की गई थी। इसका उद्देश्य लिंग के आधार पर चयन को रोकना, बालिकाओं के अस्तित्व और सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना है। यह केंद्र सरकार की शत-प्रतिशत वित्तपोषित योजना है, जिसे देश के सभी जिलों में लागू किया जा रहा है।
पिछले 11 वर्षों में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने राष्ट्रीय चेतना में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इस पहल के जरिए समुदायों, सरकारी एजेंसियों, नागरिक समाज और मीडिया को बालिकाओं के अधिकारों के समर्थन में एकजुट किया गया है। इस अभियान ने लड़कियों के लिए सहायक और न्यायसंगत वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।
इस कार्यक्रम के तहत जन्म के समय महिला-पुरुष अनुपात (एसआरबी) में भी सुधार दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ‘एचआईएमआईएस’ के आंकड़ों के अनुसार, साल 2014-15 में जन्म के समय लिंगानुपात 918 था, जो 2024-25 में बढ़कर 929 हो गया है।
बेटियां बना रहीं नए रिकॉर्ड: पीएम मोदी

