एक और पाकिस्तानी टिकटॉक स्टार की हत्या

करांची। पाकिस्तान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी सुरक्षित नहीं हैं। बीते दिनों टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब एक और टिकटॉक स्टार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंध के घोटकी जिले के बागो वाह इलाके में टिकटॉक सुमीरा राजपूत का शव पाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक शख्स सुमीरा पर शादी का दबाव डाल रहा था। हत्या का शक उसी पर है। सुमीरा की 15 साल की बेटी ने बताया कि जहरीली टेबलेट्स देकर उनकी हत्या की गई है। सुमीरा की बेटी भी कॉन्टेंट क्रिएटर है और टिकटॉक पर उसके 58 हजार फॉलोअर हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घोटकी के पुलिस अधिकारी अनवर शेख ने कहा है कि सुमीरा की 15 साल की बेटी ने एक शख्स पर आरोप लगाए हैं। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर अब तक नहीं दर्ज की गई है। पाकिस्तान में महिलाओं के लिए सोशल मीडिया पर फेमस होना भी जानलेवा साबित हो रहा है। बीते दिनों सना यूसुफ की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सना यूसुफ को न्याय दिलानें के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया गया था। पाकिस्तान में महिलाओं के उत्पीड़न और जबरन शादी करने को लेकर हत्याओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान की सरकार इसपर ध्यान नहीं दे रही है। बीते दिनों बलूचिस्तान में एक महिला और पुलिस की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *