नई दिल्ली,24 जुलाई। भारत से 5,000 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व एशिया के दो पड़ोसी देशों थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चला आ रहा तनाव संघर्ष में बदल चुका है. गुरुवार सुबह से ही दोनों देशों के सैनिक सीमा पर भीषण गोलीबारी कर रहे हैं. इससे ठीक एक दिन पहले बॉर्डर पर एक लैंडमाइन धमाके में पांच थाई सैनिक घायल हो गए थे. इससे नाराज थाईलैंड ने कंबोडिया से अपने राजदूत को बुला लिया था और कंबोडिया के राजदूत को देश से निष्कासित कर दिया. फिर अगले ही सुबह दोनों देशों की तरफ से एक-दूसरे पर गोलीबारी शुरू हो गई है. थाईलैंड के मुताबिक, ताजा संघर्ष की शुरुआत तब हुई जब सुबह 7:35 बजे सूरीन के फानोम डोंग राक जिले में ता मुएन थॉम मंदिर के खंडहरों के सामने एक कंबोडियाई ड्रोन को चक्कर लगाते देखा गया. इसके बाद 6 कंबोडियाई सैनिक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड और अन्य हथियारों से लैस होकर थाई सैन्य अड्डे के सामने कांटेदार तार की सीमा के पास पहुंच गए. बेस पर मौजूद थाई सैनिकों ने कंबोडियाई सैनिकों से कहा कि वो गोलीबारी कर किसी भी संघर्ष की शुरुआत न करें. थाई सेना के दूसरे आर्मी रीजन ने अपने फेसबुक पेज पर बताया कि सुबह 8:20 बजे कंबोडिया ने ता मुएन थॉम मंदिर के खंडहर से लगभग 200 मीटर पूर्व में स्थित मू पा सैन्य अड्डे पर गोलीबारी शुरू कर दी. थाई सेना ने आरोप लगाया कि कंबोडियाई सेना ने आस-पास के रिहाइशी इलाकों में अपनी तोपें रख दी हैं और नागरिकों को मानव ढाल की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. थाई सेना का कहना है कि कंबोडियाई सैनिकों ने सुबह 8:50 बजे मंदिर के खंडहरों पर तोपों से हमला किया गया. लगभग 9:15 बजे, कंबोडियाई सैनिकों ने कथित तौर पर मू पा बेस के पास के इलाके को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी. इस गोलीबारी में एक थाई सैनिक घायल हो गया.
थाईलैंड ने बताया कि सुबह 9:40 बजे कंबोडिया ने सी सा केट प्रांत में डॉन तुआन मंदिर के खंडहरों पर बीएम-21 रॉकेट लांचर दागे. सुबह 9:55 बजे कंबोडियाई सेना ने कथित तौर पर सुरीन के कप चोएंग जिले में एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी की जिससे कम से कम तीन नागरिकों के घायल होने की खबर है. अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर इलाके से नागरिकों को निकालना शुरू कर दिया है.
थाईलैंड ने कंबोडिया पर लगाया सीमा पर बारूदी सुरंग बिछाने का आरोप
दोनों देशों के हालिया संघर्ष से ठीक एक दिन पहले यानी बुधवार को थाईलैंड के उबोन रात्चाथानी प्रांत में चोंग अन मा सीमा पार के पास बारूदी सुरंग विस्फोट हुआ था. इस विस्फोट में पांच थाई सैनिक घायल हो गए थे जिनमें से एक को अपना पैर खोना पड़ा था. थाई सेना का आरोप है कि ये बारूदी सुरंगें हाल ही में कंबोडिया ने बिछाई थीं.
देश के उत्तर-पूर्व की जिम्मेदारी संभालने वाली दूसरे आर्मी रीजन ने सीमा सील करने और सुरिन में मंदिर के खंडहरों को बंद करने का आदेश दिया है. ये आदेश गुरुवार सुबह से लागू हो गए.

