11 दिनों में मात्र 5 प्रतिशत खरीदी, 36 दिन में कैसे पूरा हो पायेगा 95 प्रतिशत लक्ष्य:बैज

Deepak Baij

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की बदनीयती से प्रदेश के किसान परेशान हैं। 160 लाख टन लक्ष्य के मुकाबले शुरुआती 11 दिनों में 5 प्रतिशत खरीदी भी नहीं हो पायी है, जबकि छुट्टी के दिनों को छोड़ कर इस खरीफ सीजन में कुल 47 दिन ही खरीदी होना है ऐसे में शेष 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य असंभव है। सरकार किसानों का पूरा धान खरीदना नहीं चाहती इसलिए खरीदी धीमी गति से की जा रही है। एक तरफ यह सरकार दावा करती है कि जिन किसानों ने पिछले साल धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराया है उन्हें दोबारा पंजीयन करवाने की जरूरत नहीं है। लेकिन प्रदेश के हजारों किसान ऐसे हैं जिन्होंने जिस खसरे और रकबा का पंजीयन करवाया है, पिछले साल उसी पंजीयन के आधार पर जारी टोकन से धान बेचा है उनका रकबा इस साल पोर्टल पर शून्य दिखा रहा है। कई किसानों के धान के फसल को पोर्टल पर अन्य फसल दिखाया जा रहा है। आखिर यह गड़बड़ी कर कौन रहा है? खसरा-फसल विसंगतियों, भौतिक सत्यापन की नई कवायद और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर किसानों में असमंजस और परेशानी बनी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विगत 8 सितंबर 2026 से खाली है, पिछले ढाई महीने से सभी परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित किये जा रहे है। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के नाम पर प्रदेश के युवाओं से वादा किया गया था कि यूपीएससी पैटर्न पर पीएससी भर्ती परीक्षा होगी, क्या यही यूपीएससी पैटर्न है? 2025 का पीएससी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू इसी के चलते अनिश्चित काल के लिये रोक दिया गया है, यह सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं से विश्वासघात कर रही है। 80 दिनों से पीएससी का सारा काम काज ठप्प पड़ा है। सरकार एक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं कर पा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच बुलाये गये संसद के विशेष सत्र को लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं का भद्दा मजाक है। मोदी सरकार जल्दबाजी में विशेष सत्र बुलाकर ऑपरेशन लोटस व दलबदल के जरिए जुटाए गए बहुमत से संविधान संशोधन का खेल खेलना चाहती है। विपक्ष को विश्वास में लिए बिना दलबदल के दागदार बहुमत के दम पर संविधान से छेड़छाड़ करना चाहती है। कांग्रेस 2029 से महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है, वर्तमान सीटों पर ही बिना किंतु परंतु के महिला आरक्षण तत्काल लागू करवाएं सरकार लेकिन जनगणना के आंकड़े आए बिना और जातिगत जनगणना को आधार बनाए बिना परिसीमन स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार लगातार संसदीय मर्यादाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
दूसरे चरण के आंकड़े सामने आए बिना परिसीमन की जल्दबाजी सरकार की बदनीयती को दिखाता है। जातिगत जनगणना को परिसीमन का आधार न बनाने की मंशा स्पष्ट रूप से वंचित वर्ग के अधिकारों और उचित हिस्सेदारी से बचने की रणनीति दिखाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *