नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण

नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण

प्रथम कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवास निर्माण का लिया गया था संकल्प

रायपुर । प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण को लगातार गति दी जा रही है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सरकार के गठन के बाद से अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।

पहली कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासों का संकल्प

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार की प्रथम कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर निर्माण पूरा कराने का संकल्प लिया गया था। इसी के अनुरूप पुराने एवं नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया गया।

पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए, जो देश में सर्वाधिक है। आवास निर्माण की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के मकान का लाभ मिल सके।

सभी पात्र आवासों को मिली स्वीकृति

प्रदेश में वर्ष 2011 एवं 2018 की पात्रता सूची के अंतर्गत पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब तक कुल स्वीकृत आवासों में से 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। सरकार का लक्ष्य केवल आवास स्वीकृत करना नहीं, बल्कि उन्हें शीघ्र पूर्ण कर हितग्राहियों को वास्तविक लाभ पहुंचाना है।

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत और लंबे समय से लंबित आवास भी शामिल हैं। ऐसे आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर उन्हें भी पूर्ण कराया गया है।

मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विशेष योजनाओं का भी लाभ

विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत आवास भी इस उपलब्धि में शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 48 हजार आवासों में से करीब 20 हजार पूर्ण किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 23 हजार आवास भी पूर्ण आवासों में शामिल हैं। विशेष परियोजनाओं के माध्यम से भी जरूरतमंद और वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। पुराने लंबित आवासों को पूरा करने के साथ नए स्वीकृत आवासों का निर्माण भी तेजी से जारी है। निर्माणाधीन करीब 4 लाख आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

उपलब्धि एक नजर में

  • नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक आवास पूर्ण
  • अब तक कुल 20 लाख 40 हजार आवासों का निर्माण पूरा
  • करीब 4 लाख आवास वर्तमान में निर्माणाधीन
  • पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण
  • मुख्यमंत्री आवास योजना के करीब 20 हजार आवास पूर्ण
  • प्रधानमंत्री जनमन योजना के करीब 23 हजार आवास उपलब्धि में शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *