महापौर ने ली पार्षदों व अधिकारियों की संयुक्त बैठक
संकटग्रस्त वार्डों में पाइपलाइन प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश
रायपुर. आगामी गर्मी के मौसम में संभावित गहन पेयजल संकट से निपटने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम में आयोजित आवश्यक बैठक में महापौर मीनल चौबे ने रायपुर उत्तर एवं रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जोन क्रमांक 4, 5, 6 और 10 के वार्डों के पार्षदों तथा नगर निगम अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
सभी वार्डों में पेयजल संकट से निपटने की तैयारी के निर्देश
बैठक में महापौर ने रायपुर उत्तर, रायपुर दक्षिण, रायपुर पश्चिम एवं रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम के सभी वार्डों में पेयजल संकट से निपटने के लिए तत्काल ठोस तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
संकटग्रस्त क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने पर जोर
महापौर ने पार्षदों से प्राप्त सुझावों और अनुशंसाओं के आधार पर पेयजल संकटग्रस्त क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाने के कार्यों के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित में सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए।
पार्षदों से समन्वय कर कार्य करने के निर्देश
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्रवार समस्याओं की पहचान करें और समाधान की दिशा में तत्काल कार्य शुरू करें। उन्होंने पार्षदों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्डों में पेयजल संकट से निपटने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
निगम के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में नगर निगम एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, सरिता आकाश दुबे, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
इसके अलावा नगर निगम के अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा एवं अन्य संबंधित अभियंता भी बैठक में शामिल हुए।

