मुंबई आ रहे बोइंग ड्रीमलाइनर में खराबी, 7 पड़े बीमार

मुंबई,28 जून। अदीस अबाबा से मुंबई की ओर आ रही थी इथियोपियन एयरलाइंस की फ्लाइट ET640 को शुक्रवार देर रात एक गंभीर तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। एयरलाइंस के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में मिड-एयर डिप्रेशराइजेशन की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण सात यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। विमान ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर रात 1:55 बजे आपातकालीन लैंडिंग की। इस घटना में एक यात्री को गंभीर हालत के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस दौरान विमान में करीब 300 यात्री सवार थे। मिड-एयर डिप्रेशराइजेशन वह स्थिति होती है जब विमान के केबिन में हवा का दबाव अचानक कम हो जाता है। यह आमतौर पर तकनीकी खराबी, जैसे केबिन प्रेशर सिस्टम की विफलता या विमान की संरचना में रिसाव के कारण होता है। इससे यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ताजा घटना 23 जून को एयर इंडिया हीथ्रो-मुंबई उड़ान के दौरान 6 क्रू सदस्यों सहित 11 यात्रियों को चक्कर आने और मिचली आने के कुछ दिनों बाद हुई है। बीमारी के कारणों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट संख्या ET640 में 300 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे। इसने इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। यह घटना तब हुई, जब विमान (ET-AXS) अरब सागर के ऊपर से उड़ रहा था। फ्लाइटरडार 24 के डेटा के अनुसार, यह 33,000 फीट की ऊंचाई पर था, जब केबिन में दबाव कम हुआ और पायलटों ने तेजी से नीचे उतरकर कम ऊंचाई पर उड़ान भरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *