साय बोले- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ बने जनआंदोलन

महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस और सामाजिक संगठनों के साथ पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। इन समस्याओं के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री सोमवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है। इनके समाधान के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने राज्य महिला आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यशाला में मिले सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी होंगे।

साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की गौरवशाली परंपरा रही है। शास्त्रों में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’। महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।

जशपुर में समन्वित प्रयासों से कम हुई तस्करी की समस्या

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी गंभीर समस्या थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से इसमें कमी आई है। कई मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता जरूरी है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए उन्होंने कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए पहल की थी।

42 सखी केंद्रों में मिल रही सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलती हैं। महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं। महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से महिलाएं शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। राज्य सरकार भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है।

  महतारी वंदन से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की सहायता मिल रही है। इस राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार तथा समाज में उनकी भागीदारी मजबूत हुई है।

 प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखपति दीदी अभियान शुरू किया है। छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के विरुद्ध कार्यशाला तभी सार्थक होगी, जब यहां मिले सुझावों को धरातल पर उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *