नेवरा-तिल्दा में 1 से 7 फरवरी तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन, अयोध्या से पधारेंगी मानस विदुषी देवी चंद्रकला

नेवरा-तिल्दा नगर में स्वर्गीय सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रभु श्रीरामचंद्र जी की असीम अनुकंपा से संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 1 फरवरी 2026 से 7 फरवरी 2026 तक बीएनबी हाई स्कूल मैदान, नेवरा-तिल्दा में संपन्न होगा।

इस संगीतमय रामकथा में अयोध्या धाम, उत्तर प्रदेश से पधारीं मानस विदुषी देवी चंद्रकला जी अपने मुखारविंद से श्रीराम कथा का भावपूर्ण एवं रसपूर्ण वर्णन करेंगी। कथा के दौरान प्रभु श्रीराम की महिमा, शिव-पार्वती विवाह, श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीसीताराम विवाह उत्सव, वनगमन, केवट संवाद, लंका दहन तथा श्रीराम राज्याभिषेक जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया जाएगा।

कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन स्थल बीएनबी हाई स्कूल मैदान, तिल्दा-नेवरा रहेगा।

आयोजन के प्रथम दिन 1 फरवरी को गायत्री मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नेवरा के सुभाष चौक, गांधी चौक, परशुराम चौक होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में आकर्षक झांकियां, रामायण मंडली तथा स्वयं कथा वाचक मानस विदुषी देवी चंद्रकला जी की विशेष उपस्थिति रहेगी।

कथा के संयोजक पुष्पराज टंक राम वर्मा ने बताया कि श्रीराम कथा को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह है और सभी स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

श्रीराम कथा की तैयारियों के लिए बलौदाबाजार विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने नगर के समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। नगर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा ग्रामीण अंचल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कथा स्थल पर बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की अपील की गई है।

कथा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सभी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार तैयारियों में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *