तेज बहाव में बही कार, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

जोखिमपूर्ण भवनो की जांच में होगी लापरवाही, तो तय होगी जवाबदेही - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

भखारा। धमतरी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर पुल-पुलियों व सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी बीच भखारा क्षेत्र में जोरातराई-सिंगदेही पुल के पास एक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हालांकि कार सवार दो लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के ग्राम सलोनी निवासी मदन पाल अपने एक दोस्त के साथ कार से अपने रिश्तेदार के घर जोरातराई आया था। शनिवार को दोनों कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जोरातराई-सिंगदेही पुल के पास सड़क के ऊपर से तेज बहाव में पानी बह रहा था। पानी की स्थिति का अंदाजा नहीं होने पर कार चालक ने वाहन को पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर कार सड़क से बहते हुए आगे खिसकने लगी।

स्थिति बिगड़ते देख कार सवार दोनों लोगों ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर पहुंचकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पानी का बहाव काफी तेज था, ऐसे में कुछ देर और वाहन में फंसे रहने पर गंभीर हादसा हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार को तेज बहाव वाले पानी से बाहर निकाला। बारिश के कारण क्षेत्र में नदी-नालों और पुल-पुलियों पर जलस्तर बढ़ने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले मार्गों पर सावधानी बरतने और तेज बहाव के बीच पुल पार नहीं करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *