पीएम मोदी ने दी गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं, शेयर किया श्रीकृष्ण का ये खास श्लोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस पर्व की बधाई देते हुए कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए।

प्रधानमंत्री का संदेश

प्रधानमंत्री ने लिखा, “सभी देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। सभी के सुख, सौभाग्य और समृद्धि का विस्तार हो, यही मंगलकामना है।”

संस्कृत श्लोक के साथ किया श्रीकृष्ण का गुणगान

पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया। श्लोक है –

“आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्।
स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे।”

इसका हिंदी अर्थ है – जो ब्रजवासियों के प्राणप्रिय हैं, सत्य पर आधारित पराक्रम वाले हैं और अपने भक्तों के भय को नष्ट करने वाले हैं, ऐसे गोवर्धन गिरिधारी श्रीकृष्ण का मैं भजन करता हूं।

यह श्लोक श्री गोवर्धनधराष्टकम् से लिया गया है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के ‘गोवर्धनधारी’ रूप की महिमा का वर्णन किया गया है।

गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला का स्मरण

जब देवराज इंद्र के अहंकार को तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत को उठा लिया था, तब उनका नाम ‘गोवर्धनधर’ पड़ा। इस श्लोक के माध्यम से भक्त इन्हीं संकटमोचन और कृपालु स्वरूप की आराधना करते हैं।

कब मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?

गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का पर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को दीपावली के अगले दिन मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा का विशेष विधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *