कुम्हारी ओवरब्रिज के पास जलभराव से ट्रैफिक प्रभावित रायपुर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी

दुर्ग से रायपुर जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। वाहनों की आवाजाही धीमी होने के चलते यातायात पुलिस दुर्ग ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर, अमलेश्वर होते हुए रायपुर जा सकेंगे। बालोद से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर और भिलाई से रायपुर जाने वाले वाहन अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होते हुए रायपुर जा सकेंगे। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस के डायवर्सन निर्देशों का पालन करें। साथ ही जलभराव से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *