जल जीवन मिशन में धमतरी का डंका

जल जीवन मिशन में धमतरी का डंका

छत्तीसगढ़ में हासिल किया पहला स्थान, 530 गांव हुए ‘हर घर जल’ से रोशन

रायपुर । छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में हर घर तक शुद्ध, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के दम पर धमतरी ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले के कुल 622 गांवों में से लगभग 530 गांवों में ‘हर घर जल’ का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इससे 85 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

जल संकट दूर करेंगी चार बड़ी बहुग्रामीय योजनाएं

भू-जल स्तर में गिरावट और गर्मी के दिनों में होने वाले पेयजल संकट से निपटने के लिए जिले में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं से कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे। इनमें सिर्री बहुग्रामीय योजना के तहत कुरूद के 84 गांव, मेघा योजना के तहत मगरलोड के 59 गांव, सांकरा योजना के तहत नगरी के 40 गांव और घटुला योजना के तहत नगरी के 36 गांव शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से स्थायी जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क बिछाकर संबंधित क्षेत्रों में नियमित और विश्वसनीय जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

महिलाओं को मिली श्रम और समय से राहत

जल की उपलब्धता केवल बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन में सामाजिक बदलाव का माध्यम भी बन रही है। दूर-दराज के हैंडपंपों और कुओं से पानी लाकर सिर पर मटके ढोने की महिलाओं की मजबूरी काफी हद तक कम हुई है। इससे उन्हें समय और श्रम की बचत हो रही है। अब वे इस समय का उपयोग आजीविका, स्वरोजगार और परिवार की बेहतर देखभाल में कर पा रही हैं। वहीं बच्चों को पानी लाने की जिम्मेदारी से राहत मिलने के कारण पढ़ाई और खेल-कूद के लिए अधिक समय मिल रहा है।

सामूहिक प्रयास से शत-प्रतिशत नल-जल का लक्ष्य

कलेक्टर ने जिले की इस उपलब्धि को मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल नल कनेक्शन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जल सुरक्षा के माध्यम से ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। शेष गांवों को जल्द योजना से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सामूहिक प्रयासों से धमतरी जल्द ही शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ युक्त जिला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *