दुर्ग – शराब पीने की आदत से परेशान होकर सीलबट्टा (लोढ़ा) से अपने बड़े भाई के सिर एवं बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर उसकी हत्या करने के आरोपिया बहन को थाना उतई पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार आज उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में मर्ग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची , जहां मृतक धर्मेन्द्र पाल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम – गोड़पेण्ड्री का शव मिला। शव के निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से प्राणघातक चोट पहुंचाये जाने के तथ्य सामने आये। प्रारंभ में मृतक की बहन एवं सूचनाकर्ता धन्नी धनकर द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति के हमले से भाई की मृत्यु होना बताया गया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। घटनास्थल एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका पाये जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त सीलबट्टा (लोढ़ा) प्रस्तुत किया , जिसे पुलिस द्वारा जप्त किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना उतई पुलिस ने आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त प्रकरण के त्वरित खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना उतई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भाई की हत्या करने की आरोपिया बहन जेल दाखिल

