दो दिवसीय भारत दौरे के लिए रूस से रवाना हुए राष्ट्रपति पुतिन

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंचने के लिए मॉस्को से रवाना हो चुके हैं। पुतिन आज गुरुवार शाम करीब 6 बजकर 35 मिनट पर भारत पहुंचेंगे। स्थानीय मीडिया की ओर से यह जानकारी साझा की गई है।

दिल्ली पहुंचने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति पुतिन के लिए प्राइवेट डिनर होस्ट करेंगे। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे पर भी पीएम मोदी ने पुतिन के लिए प्राइवेट डिनर होस्ट किया था। 2022 में यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध शुरू होने के बाद से यह पुतिन का पहला भारत दौरा है।

कल शुक्रवार को होने वाला 23वां भारत-रूस सालाना समिट होगा, जहां पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से संयुक्त बयान भी जारी किया जाएगा। पुतिन के भारत दौरे पर दोनों देश व्यापार और ऊर्जा साझेदारी पर चर्चा के साथ-साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर फोकस रखेंगे। शुक्रवार को, औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले रूसी राष्ट्रपति का औपचारिक तरीके से स्वागत भी किया जाएगा।

रूसी की सरकारी न्यूज एजेंसी टीएएसएस के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बुधवार को पुतिन और पीएम मोदी के बीच प्राइवेट डिनर के दौरान होने वाली मीटिंग को “रूसी नेता के दौरे के खास प्वाइंट्स में से एक” बताया। उशाकोव के अनुसार, पुतिन पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों और अंतर्राष्ट्रीय स्थिति के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *