गांव-गांव की छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देगा सांसद खेल महोत्सव

ग्राम कचांदुर से हुआ शुभारंभ

बालोद.सांसद भोजराज नाग ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को देश और दुनिया के समक्ष पहचान दिलाना है, साथ ही युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस महोत्सव के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचने का अवसर मिलेगा।

यह विचार उन्होंने जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम कचांदुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।

दीप प्रज्ज्वलन एवं ट्रॉफी अनावरण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम से पहले दीप प्रज्ज्वलित कर एवं ट्रॉफी का अनावरण कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।

बहु-स्तरीय प्रतियोगिताओं का मिलेगा अवसर

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत कचांदुर से होकर आगे चलकर क्लस्टर स्तर, तहसील स्तर, विधानसभा स्तर और लोकसभा स्तर तक पहुंचेगी। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा कि खेल से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं, इसलिए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों से भी जुड़ना चाहिए।

कबड्डी से हुआ खेल आयोजनों का आगाज

इस अवसर पर कबड्डी के प्रतिभागियों से परिचय लिया गया और स्वयं कबड्डी का शुभारंभ कर सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, नगर पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व विधायक राजेन्द्र राय, वीरेन्द्र साहू, नगर पालिका बालोद के पूर्व अध्यक्ष राकेश यादव, लेखराम साहू, राज्य एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी निखत सुल्ताना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

चार खेलों का किया जा रहा आयोजन

उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत
कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं रस्साकस्सी – कुल चार खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *