रायपुर। नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने जोन-8 क्षेत्र में गणेश उत्सव के पूर्व महादेवघाट के समीप तैयार किए जा रहे विसर्जन कुंड के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा को पर्यावरण अनुकूल तरीके से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कुंड का काम प्राथमिकता से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अपर आयुक्त ने अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर सहित अधिकारियों के साथ पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड-2 के अटल आवास परिसर, संत रविदास वार्ड-70 के सरोना क्षेत्र और रामकृष्ण परमहंस वार्ड-20 के कोटा क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड-2 में पार्षद भगतराम हरबंश और वार्ड-70 में पार्षद अर्जुन यादव मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की धीमी गति पर अपर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को वार्ड 2, 20 और 70 में स्वीकृत कार्यों को तत्काल गति देने, नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यादेश जारी होने के बावजूद निर्माण में देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

