कोयंबटूर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर कुछ स्ट्रीट डॉग्स ने ऐसा कारनामा अंजाम दिया कि लोग उनके लिए मेडल मांगने लगे हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। मामला कोयंबटूर का है। यहां पर एक मानसिक दिव्यांग महिला, थुडियालुर में रेलवे ब्रिज के पास बैठी थी। इसी दौरान एक लड़का वहां पर आया और महिला का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करने लगा। बताया जाता है कि लड़का नशे की हालत में था। उस वक्त वहां पर दो कुत्ते भी बैठे थे, जिन्होंने आरोपी युवक को दौड़ा लिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक महिला, एक रेलवे ब्रिज के पास बैठी हुई थी। वह मानसिक रूप से दिव्यांग है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि इसी दौरान शराब के नशे में एक युवक वहां पहुंचता है। वह महिला से बात करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। तभी महिला के पास बैठे दो स्ट्रीट डॉग्स युवक पर भौंकना शुरू कर दिया। युवक पत्थर उठाकर उन्हें भगाने की कोशिश करता है। इसके बाद वह महिला के साथ छेड़खानी करने लगता है। वह महिला मदद के लिए चिल्लाती है। वहीं, दोनों कुत्ते नशेड़ी युवक पर टूट पड़ते हैं। वह उसके पैरों में काट लेते हैं और खींचकर महिला से दूर कर देते हैं।
इसके बाद वह युवक वहां से भाग जाता है। इस दौरान एक कुत्ता उसका पीछा भी करता है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से उस युवक की पहचान करके उसको गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रिया आई है। तमाम लोगों ने दोनों स्ट्रीट डॉग्स की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा है कि स्ट्रीट डॉग्स खराब नहीं हैं। वह हमारी हिफाजत करते हैं और कई बार तो इंसानों को भी इंसानियत सिखाते हैं।
महिला की इज्जत बचाने को टूट पड़े कुत्ते

