फरीदाबाद। फरीदाबाद स्थित पल्ला के रोशन नगर में ससुरालियों ने दो महीने पहले एक विवाहिता की हत्या कर शव को अपने घर के सामने गली में 12 फीट गहरा गड्ढा खुदवाकर दबा दिया। परिजनों द्वारा हत्या का शक जताने पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह मशीन से खुदाई करवाकर महिला का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर ससुर को हिरासत में ले लिया है। वहीं मृतका के भाई का कहना है कि उसकी बहन की हत्या ‘दृश्यम’ फिल्म को देखकर की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यूपी के फिरोजाबाद के खेड़ा मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय तन्नू राजपूत की शादी 19 मई 2023 को पल्ला के रोशन नगर निवासी अरुण से हुई थी। तन्नू राजपूत दसवीं क्लास तक पढ़ी थी। अरुण अपने पिता की कपड़े की दुकान पर बैठता था। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। विवाद होने पर तन्नू अक्सर मायके चली जाती थी। ससुरालियों ने 23 अप्रैल को महिला के मायके वालों को फोन कर बताया कि तन्नू अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया, लेकिन महिला का कहीं कोई सुराग नहीं लगा सकी। महिला के मायके वाले करीब 20 दिन पहले डीसीपी सेंट्रल उषा से मिले।
उन्होंने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने का शक जताया। डीसीपी ने एसीपी सराय को मामले की गहनता से जांच करने का आदेश दिया। पुलिस ने जब पूछताछ की तो ससुरालियों पर कुछ शक हुआ। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस को यह भी पता चला कि महिला के ससुर भूप सिंह ने करीब दो माह पहले टॉयलेट बनवाने के लिए अपने घर के सामने गड्ढा खुदवाया था।
इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में गड्ढे को अर्थमूवर मशीन से खुदवाया तो उसमें से महिला का शव बरामद हो गया। डीसीपी सेंट्रल उषा का कहना है कि मामले की जांच में अपराध जांच शाखा की मदद ली जा रही है। हत्या की वजह और बाकी पहलुओं की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।

