करंट की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत

बलौदाबाजार,6 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जहां हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई है। वहीं मां की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, नेहरू चौक में घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। यह तार घर से महज पांच फीट की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता पहले करंट की चपेट में आए, जिन्हें बचाने के चक्कर में पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए। इस घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गई और महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सड़क हादसे में दो की मौत

बेमेतरा,6 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर सतनाम चौक के पास तेज रफ्तार कार ने दो अन्य कारों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि एक परिवार गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी समेत अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा भिड़ी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान बेमेतरा निवासी लक्की देशलहरे के रूप में हुई है। वहीं, मृत महिला ग्राम सोड़ की निवासी बताई जा रही है। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *