### महापौर अलका बाघमार ने की क्लब के सेवा कार्यों की सराहना, ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान के जरिए महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश
*दुर्ग।* महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा रोकने जागरूकता फैलाने तथा सामाजिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इनर व्हील क्लब ऑफ दुर्ग ने पहल की। क्लब की ओर से “ऑरेंज द वर्ल्ड – स्टॉप वायलेंस अगेंस्ट विमेन एंड गर्ल्स” अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दुर्ग महापौर अलका बाघमार ने तालाब किनारे शेड निर्माण की पहल की सराहना करते हुए क्लब के सदस्यों को धन्यवाद दिया।
अभियान के दौरान पोस्टर और बैनर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करने और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
महापौर अलका बाघमार ने तालाब किनारे शेड निर्माण के प्रयास को जनहितकारी बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से समाज के लोगों को सुविधा मिलती है। शेड बनने से लोग विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे। इसका लाभ वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में भी लोगों को मिलता रहेगा। उन्होंने इस प्रयास के लिए इनर व्हील क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
*कार्यक्रम संयोजक नीति बल्लेवार ने कहा* कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करना और जनसुविधाओं के विकास में योगदान देना क्लब की पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इनर व्हील क्लब ऑफ दुर्ग की अध्यक्ष निधि देशलेहरा, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. मंजुषा वैषम्पायन और क्लब सचिव जसलीन कौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला हिंसा के खिलाफ जागरूकता के साथ समाजोपयोगी कार्यों को भी प्रमुखता दी गई।

