अहमदाबाद रोड शो में छत्तीसगढ़ पर्यटन की गूंज, 148 ट्रैवल ऑपरेटरों ने दिखाई रुचि

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और जनजातीय संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने गुजरात के अहमदाबाद में पर्यटन रोड शो आयोजित किया। फिक्की के सहयोग से होटल हयात रीजेंसी में हुए इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के 30 पर्यटन हितधारकों और गुजरात के 148 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों ने हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच पर्यटन कारोबार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे और गुजरात पर्यटन निगम की प्रतिनिधि अंकिता परमार मौजूद रहे।

रोड शो में महाप्रभु वल्लभाचार्य की जन्मभूमि चंपारण को गुजरात और छत्तीसगढ़ के बीच धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया गया। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने प्रस्तुतीकरण के जरिए बताया कि चंपारण आने वाले श्रद्धालुओं को सिरपुर, राजिम, बस्तर और चित्रकोट जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों से भी जोड़ा जा सकता है। इससे गुजरात से आने वाले पर्यटकों का छत्तीसगढ़ में ठहराव बढ़ेगा और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को लाभ मिलेगा।

रोड शो के दौरान दोनों राज्यों के पर्यटन कारोबारियों के बीच व्यावसायिक बैठकें हुईं। इनमें संयुक्त पर्यटन पैकेज तैयार करने, नए यात्रा मार्ग विकसित करने और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने पर चर्चा की गई। गुजरात के संभावित निवेशकों के साथ भी बैठक कर छत्तीसगढ़ में पर्यटन अधोसंरचना और निजी क्षेत्र की भागीदारी के अवसरों की जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां भी हुईं। इसके अलावा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और नई पहलों की जानकारी दी गई। बोर्ड की इस पहल से गुजरात के पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ की पहुंच बढ़ने तथा होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *