राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी और झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां के निवासी राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
झारखंड स्थापना दिवस हर साल 15 नवंबर को मनाया जाता है। यह उस दिन की याद दिलाता है जब ‘बिहार पुनर्गठन अधिनियम, 2000’ के तहत, दक्षिणी बिहार के हिस्से को अलग करके भारत का 28वां राज्य बनाया गया था। इसी दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती भी होती है, जिसे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “मैं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ। यह दिवस हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र के प्रति जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करने का अवसर है। मैं कामना करती हूं कि सभी देशवासी हमारी अमूल्य विरासत को संरक्षित रखते हुए समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ें।”
राष्ट्रपति मुर्मु ने स्थापना दिवस पर झारखंड के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसी ईश्वरीय विभूति और सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों की यह धरती अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, जीवंत लोक-परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। मेरी कामना है कि झारखंड के परिश्रमी और प्रतिभाशाली निवासी अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।”

