कॉमनवेल्थ गेम्स में बिंद्यारानी का दमदार प्रदर्शन, वेटलिफ्टिंग में दिलाया ब्रॉन्ज

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की स्टार वेटलिफ्टर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम ने महिला 58 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश को एक और सफलता दिलाई। बिंद्यारानी ने कुल 199 किग्रा वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया और इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या छह हो गई।

कुल 199 किग्रा वजन उठाकर जीता कांस्य

बिंद्यारानी देवी ने स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 112 किग्रा वजन उठाते हुए कुल 199 किग्रा का स्कोर बनाया। नाइजीरिया की रफियातू फोलाशादे लावाल ने कुल 229 किग्रा (103 किग्रा स्नैच और 126 किग्रा क्लीन एंड जर्क) के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की एन सोफी ताशेरो ने 215 किग्रा (94 किग्रा स्नैच और 121 किग्रा क्लीन एंड जर्क) के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

स्नैच राउंड में दिखाया दम

एसईसी आर्माडिलो में आयोजित मुकाबले में बिंद्यारानी ने स्नैच राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले प्रयास में 83 किग्रा, दूसरे में 85 किग्रा और तीसरे प्रयास में 87 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया। वह 87 किग्रा के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं, लेकिन प्रयासों के क्रम (काउंटबैक) के आधार पर इंग्लैंड की एलिजा प्रैट उनसे आगे रहीं। इस राउंड में नाइजीरिया की रफियातू फोलाशादे लावाल ने 103 किग्रा वजन उठाकर कॉमनवेल्थ और गेम्स रिकॉर्ड बनाया, जबकि कनाडा की एन सोफी ताशेरो 94 किग्रा के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *