लंदन के लिए उड़ा एयर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद में एयरपोर्ट के पास ही क्रैश हो गया। हादसे में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने इंडिया टुडे से फोन पर बात करते हुए इसकी पुष्टि की। इसके अलावा 50 लोगों को इलाज के लिए अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही विमान मेघनीनगर के मेडिकल कॉलेज परिसर में जा गिरा। इंटर्न डॉक्टरों के हॉस्टल से विमान का एक हिस्सा टकराने की वजह से कुछ मेडिकल स्टूडेंट के मारे जाने और घायल होने की सूचना है।
पुलिश कमिश्नर मलिक ने कहा कि 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 204 शव पोस्टमार्टम के लिए लाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि ये सभी लोग विमान में ही सवार थे। उन्होंने कहा कि जो हॉस्टल जद में आया है वहां भी कुछ लोग हताहत हो सकते हैं। जिन लोगों की अभी तक मौत हुई उनमें से कितने विमान में सवार लोग थे और कितने हॉस्टल और आसपास मौजूद रहे लोग, यह अभी साफ होना बाकी है।
पहचान के लिए परिजनों से डीएनए सैंपल की मांग
द्विवेदी ने कहा कि फ्लाइट के जो पैसेंजर हैं उनसे अपील है कि हमने डीएनए जांच की व्यवस्था अस्पताल में की है। परिजनों से अपील है कि वो अपने डीएनए सैंपल दें ताकि मृतकों की पहचान हो सके। पीड़ितों के परिजनों को यदि कोई पूछताछ करनी है तो हेल्पलाइन 6357373831 और 6357373841 पर संपर्क कर सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रैश हुआ विमान
गुजरात के पूर्व सीएम समेत कुल 242 लोग थे सवार
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) उड़ान भरने के तुरंत बाद तेजी से नीचे आ गिरा। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी शामिल हैं। विमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के काफी निकट गिरा और इसमें जोरदार धमाका हुआ।

