रायपुर। बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय की परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर रायपुर जिला NSUI द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। विद्यार्थियों के हित में विश्वविद्यालय प्रशासन ने NSUI की मांग स्वीकार करते हुए परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि रायपुर जिला NSUI के जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के निर्देशानुसार जिला सचिव अनुज प्रताप सिंह के नेतृत्व में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर 18 जून 2026 को प्रस्तावित बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय की परीक्षा को स्थगित करने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में बताया गया था कि 17 जून 2026 को इंटरनेशनल मार्केटिंग/फाइनेंशियल मार्केट ऑपरेशंस तथा 18 जून 2026 को बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय की परीक्षा निर्धारित होने से विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा था। लगातार दो दिनों में महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा होने से छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ने और परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।
इस संबंध में जिला सचिव अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि NSUI हमेशा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रहित में लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य है और इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उठाई गई मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सकारात्मक निर्णय लिया है, जिसके लिए NSUI विद्यार्थियों की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिव्यांश श्रीवास्तव, अनुज सिंह, सुमित शुक्ला, कृष सहारे, सृजन साहू, पुष्पेंद जायसवाल सहित NSUI के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
NSUI की मांग हुई पूरी, बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की बिजनेस स्टैटिस्टिक्स परीक्षा की तिथि बढ़ी

