रायपुर. डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के स्थापना प्रभारी तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश कुमार शुक्ला की सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में अस्पताल के समस्त कर्मचारियों द्वारा आज एक भावनात्मक और गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. शुक्ला ने अपनी ईमानदारी, कार्यकुशलता और अनुशासनप्रियता से विभाग में एक अलग पहचान बनाई। वे विगत कई वर्षों से संस्था के स्थापना विभाग के प्रशासनिक संचालन की रीढ़ रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अम्बेडकर अस्पताल में कई प्रकार के प्रशासनिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया जिसमें सहायक जनसूचना अधिकारी, लीगल शाखा प्रभारी तथा मुख्यमंत्री जनदर्शन प्रभारी प्रमुख है। इसके साथ ही साथ वे डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य तथा ऑटोनामस समिति गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज के कोषाध्यक्ष भी रहे थे।
विदाई समारोह की अध्यक्षता अम्बेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने की। डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि डॉ. सतीश शुक्ला ने जिस निष्ठा और गरिमा के साथ स्थापना शाखा का नेतृत्व किया वह अनुकरणीय है। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विवेक पात्रे तथा सहायक अधीक्षक डॉ. अनिल बघेल व अन्य कर्मचारियों ने डॉ. शुक्ला के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ. बघेल ने कहा कि डॉ. शुक्ला न केवल एक उत्कृष्ट प्रशासक थे, बल्कि उन्होंने हमेशा कर्मचारियों के हितों और संस्था के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
डॉ. सतीश शुक्ला ने अपने उद्बोधन में सभी सहकर्मियों के सहयोग, स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान हमेशा उनके हृदय में विशेष स्थान रखती है और वे सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
समारोह के अंत में उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस विदाई समारोह को और अधिक यादगार बनाने के लिए डॉ. शुक्ला के परिवारजनों को भी आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन चिकित्सालय के फार्मासिस्ट श्री हरिशंकर साहू के द्वारा बड़े ही भावनात्मक अंदाज़ में किया गया। डॉ. शुक्ला की सेवानिवृत्ति पर सभी लोगों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं आनंदमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर चिकित्सालय के दंत रोग विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. जी. आर. कुमेटी, नर्सिंग उप अधीक्षक सुश्री नंदा रंगारी, डी. अश्लेशम, पीआरओ शुभ्रा सिंह, एचआर मैनेजर राघवेंद्र साव, श्री रघुनाथ राव, कुंभकरण वर्मा, लक्ष्मी वर्मा, सत्यम श्रीवास्तव, अनुराग अग्रवाल, धनेश्वरी चंद्राकर, नवनीत ध्रुव, मनोज आयाम, किरण, प्रभात नायक, भुनेश साहू, अमित हरबंस, जुगनू सोनी समेत काफी संख्या में अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

